झारखंड के व्यवसायी हत्याकांड में कोलकाता पुलिस का सार्जेंट और सिविक वॉलंटियर गिरफ्तार

लालबाजार में घंटों तक हुई पूछताछ
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : झारखंड के व्यवसायी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के दौरान कोलकाता पुलिस के एक सार्जेंट और ट्रैफिक विभाग के सिविक वॉलंटियर को झारखंड पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को गुरुवार को लालबाजार बुलाकर पूछताछ की थी । डिटेक्टिव डिपार्टमेंट में देर रात तक चली पूछताछ की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

झारखंड पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें कथित सुपारी किलर भी शामिल है। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों में से एक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड में बेलियाघाटा ट्रैफिक गार्ड के एक सार्जेंट से बातचीत सामने आई। इसी आरोपी के ट्रैफिक पुलिस के एक सिविक वॉलंटियर से भी कई बार संपर्क में रहने की जानकारी मिली है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के आरोपी और पुलिसकर्मियों के बीच संपर्क किस उद्देश्य से हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, कॉल रिकॉर्ड और बातचीत से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूछताछ की प्रक्रिया को रिकॉर्ड किया गया।

होटल के बाहर हुई थी गोली मारकर हत्या

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-33 के पास एक होटल के बाहर निखार सबलोक पर हमला किया गया था। हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाकर करीब नौ गोलियां चलाईं। गोली उनके कंधे, पीठ और गर्दन में लगी। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को जमशेदपुर के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या के बाद झारखंड पुलिस ने SIT गठित कर जांच शुरू की। टीम ने झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

कॉल रिकॉर्ड से पुलिसकर्मियों तक पहुंची जांच

जांच के दौरान एक गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल और कॉल रिकॉर्ड की पड़ताल में कोलकाता पुलिस के सार्जेंट से संपर्क का पता चला। इसी तरह सिविक वॉलंटियर से भी उसकी कई बार बातचीत हुई थी। इन संपर्कों को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए दोनों को लालबाजार बुलाया गया। पूछताछ में पुलिसकर्मियों से आरोपी के साथ उनके संबंध, बातचीत की वजह और संपर्क की अवधि के बारे में जानकारी ली गई। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in