

दक्षिण 24 परगना : झरखाली स्थित पार्वतीपुर इलाके में रविवार रात बाइक सवार एक युवक की गोली मारकर हत्या करने की घटना से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देबकुमार गायेन (25) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर झरखाली कोस्टल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लहूलुहान हालत में युवक को बरामद किया गया। अचानक युवक की हत्या क्यों की गई, इसका सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सड़क दुर्घटना की मिली थी सूचना, अस्पताल में हुआ खुलासा: पुलिस व स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार रात पुलिस को पहले एक सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने युवक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में बरामद कर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिर पर मिले गोली के निशान : अस्पताल प्रशासन की ओर से बताया गया कि यह मामला सड़क दुर्घटना का नहीं है, बल्कि युवक के सिर पर गोली का निशान है और उसकी गोली मारकर हत्या की गई है। त्रिकोण प्रेम की आशंका पर भी जांच : पुलिस को अंदेशा है कि इस वारदात के पीछे त्रिकोण प्रेम (त्रिकोणीय प्रेम संबंध) का मामला हो सकता है। घटना के पीछे की असली वजह क्या है और इसमें कौन-कौन शामिल हैं, इसकी गहनता से पड़ताल की जा रही है।