

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
विधाननगर : बागुईआटी स्थित एक नामी ज्वेलरी शोरूम में फर्जी दस्तावेजों के सहारे करीब 9.50 लाख रुपये के सोने के आभूषण खरीदने का मामला सामने आया है। आरोपी ने अगले दिन दोबारा खरीददारी का प्रयास किया, लेकिन शोरूम प्रबंधन के संदेह के बाद कथित धोखाधड़ी का खुलासा हो गया। शोरूम के बिजनेस एसोसिएट प्रदीप कुमार रॉय ने बागुईआटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला
शिकायत के मुताबिक, 17 जुलाई को रोहित सिंह नामक व्यक्ति शोरूम पहुंचा और करीब 9.5 लाख रुपये के आभूषण खरीदे। भुगतान एयरपे (Airpay) के माध्यम से किया गया। कंपनी की सुरक्षा प्रक्रिया के तहत ग्राहक से पैन कार्ड और आधार कार्ड की प्रतियां भी जमा कराई गईं।
दोबारा खरीददारी की कोशिश पर बढ़ा शक
शिकायत में बताया गया है कि 18 जुलाई को आरोपी ने 9 ग्राम के सोने के सिक्के खरीदने के लिए शोरूम से संपर्क किया और भुगतान लिंक भेजने के लिए लगातार फोन करने लगा। उस समय प्रदीप कुमार रॉय शहर से बाहर थे। कर्मचारियों से जानकारी मिलने के बाद उन्हें ग्राहक की गतिविधियों पर संदेह हुआ और उन्होंने कर्मचारियों को सौदा आगे नहीं बढ़ाने का निर्देश दिया। बाद में दस्तावेजों की जांच करने पर ग्राहक द्वारा जमा कराया गया आधार कार्ड फर्जी पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि इसी तरह के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर श्रीरामपुर स्थित एक अन्य तनिष्क शोरूम में भी सोने के सिक्के खरीदने का प्रयास किया गया था। इसके बाद क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से भी सतर्कता संबंधी सूचना जारी की गई थी।
साइबर फ्रॉड गिरोह से जुड़े होने की आशंका
शोरूम प्रबंधन ने पुलिस को दी शिकायत में आशंका जताई है कि आरोपी किसी साइबर ठगी गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो अवैध धन को सोने की खरीददारी के माध्यम से खपाने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले में फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और खरीददारी से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।