फाइल फोटो
फाइल फोटो

जबरन चंदा वसूली पर लालबाजार का सख्त एक्शन

Published on: 
शिकायत मिलने पर अभियुक्तों पर होगी कड़ी कार्रवाई

कोलकाता पुलिस ने नागरिकों के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर

टोल-फ्री हेल्पलाइन: 1800-345-5678 | वॉट्सऐप: 94326-24365

कोलकाता :

त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले कोलकाता पुलिस ने पूजा के नाम पर जबरन चंदा वसूली और रंगदारी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त अजय नंदा ने शहर के सभी थानों के प्रभारी अधिकारियों (ओसी) को निर्देश दिया है कि जबरन चंदा वसूली की शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाए। बुधवार को करीब 40 मिनट तक चली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पुलिस आयुक्त ने सभी डीसी, असिस्टेंट कमिश्नर और थाना प्रभारियों को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चंदे के नाम पर किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने का निर्देश दिया गया है।

शिकायत के लिए हेल्पलाइन और वॉट्सऐप नंबर

आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय में विशेष व्यवस्था की गई है। नागरिक जबरन चंदा वसूली की शिकायत टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-345-5678 और वॉट्सऐप नंबर 94326-24365 पर दर्ज करा सकते हैं।

पूजा समितियों के साथ होगी बैठक

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पूजा समितियों के साथ चरणबद्ध बैठकें करने का भी निर्देश दिया है। त्योहार के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस की ओर से विशेष तैयारी की जा रही है।

बड़े पंडालों में जागरूकता अभियान

प्रमुख और बड़े पूजा पंडालों में साइबर अपराध, बैंक धोखाधड़ी और महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन की जानकारी देने के लिए विशेष बैनर और प्रचार केंद्र लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को साइबर ठगी और अन्य अपराधों से सतर्क करना है।

बच्चों के लिए बनाए जाएंगे मिसिंग चिल्ड्रेन कियोस्क

भारी भीड़ को देखते हुए प्रमुख पूजा पंडालों में ‘मिसिंग चिल्ड्रेन कियोस्क’ भी बनाए जाएंगे। इन केंद्रों के जरिए मेले या पंडाल में बच्चों के गुम होने की स्थिति में तत्काल सहायता और समन्वय सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जाएगी।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in