जयनगर विधायक के खिलाफ पोस्टर से सियासी हलचल

जयनगर विधायक विश्वनाथ दास
जयनगर विधायक विश्वनाथ दास
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य में अभी विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं हुई है और न ही राजनीतिक दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की है, लेकिन उससे पहले ही दक्षिण 24 परगना के जयनगर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। गुरुवार देर रात जयनगर के विभिन्न इलाकों में वर्तमान विधायक विश्वनाथ दास के खिलाफ पोस्टर लगाए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

इन पोस्टरों में विधायक पर भ्रष्टाचार समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं और उनके स्थान पर नए चेहरे को मौका देने की मांग की गई है। पोस्टरों में यह भी लिखा गया है कि जयनगर की जनता तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से विधायक को बदलने की अपील करेगी। खास बात यह है कि इन पोस्टरों को कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए जाने की बात सामने आ रही है, जिससे पार्टी के भीतर ही असंतोष और गुटबाजी की अटकलें तेज हो गई हैं। पोस्टर लगाए जाने की सूचना मिलते ही जयनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पोस्टरों को हटवा दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जयनगर से निर्वाचित दक्षिण 24 परगना जिला परिषद सदस्य खान जियाउल हक ने जयनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यह पूरी घटना एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई है, जिसका मकसद पार्टी और विधायक की छवि को नुकसान पहुंचाना है। साथ ही उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। पुलिस ने पोस्टर विवाद के सिलसिले में कुल छह लोगों को हिरासत में लिया था, हालांकि पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जयनगर के विधायक विश्वनाथ दास से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और इलाके की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in