

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : भांगड़ थाने के नए भवन के उद्घाटन से कुछ घंटे पहले ही थाने से कुछ किलोमीटर दूर भारी मात्रा में बम और बंदूक बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर काशीपुर थाने की पुलिस ने अभियान चलाकर 28 बम और एक एकनली बंदूक बरामद की है। यह घटना मंगलवार रात भोगाली-2 क्षेत्र के बनियाड़ा इलाके में हुई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शेख हाकिम और सामिम खान को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्थानीय निवासी सामिम खान के घर के रसोईघर से बम और बंदूक बरामद किए गए। आरोप है कि कुछ दिन पहले इलाके के ही निवासी शेख हाकिम से ये बम और बंदूक लाकर सामिम के घर की रसोई में छिपाकर रखे गए थे। गुप्त सूचना के आधार पर उत्तर काशीपुर थाने की पुलिस ने छापेमारी कर रसोईघर के अंदर प्लास्टिक के ड्रम में भरे बम बरामद किए। साथ ही प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर रखी गई बंदूक भी जब्त की गई। आरोपित हाकिम और सामिम इलाके में आईएसएफ के कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते हैं। इस संबंध में कैनिंग पूर्व के विधायक शौकत मोल्ला ने कहा, “भांगड़ में आईएसएफ बम उद्योग का कारखाना बनाना चाहती है। मेरे काफिले पर बमबाजी हो सकती है। इलाके के आईएसएफ नेता के घर से बम और बंदूक की बरामदगी यह साबित करती है कि वे क्षेत्र में अशांति फैलाना चाहते हैं।” वहीं, आईएसएफ के जिला परिषद सदस्य राइनुर हक ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “ये झूठे आरोप हैं। कौन लोग रात के अंधेरे में घर के रसोईघर में बम रखकर हमारे कार्यकर्ताओं को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। हम पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग करते हैं।”