

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : खड़गपुर की एडिशनल एसपी और 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी बुशरा बानो का सोमवार को राज्य सशस्त्र पुलिस में डिप्टी कमांडेंट के पद पर तबादला कर दिया गया। उनका तबादला उस वीडियो के कुछ दिनों बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने यूपीएससी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए अपने अनुभव साझा किए थे। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना भी हुई थी। 13 सितंबर को जारी वीडियो में बुशरा बानो ने बताया था कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की रेजिडेंशियल कोचिंग एकेडमी ने यूपीएससी की तैयारी के दौरान उनकी किस तरह मदद की। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ यूजर्स ने उनकी भाषा और अभिवादन के तरीके को लेकर सवाल उठाए।
''हिंदू लीगल फंड'' नाम के एक एक्स हैंडल ने दावा किया कि उसने इस वीडियो को लेकर राज्य के गृह सचिव से शिकायत की है। शिकायत में आईपीएस अधिकारी की सार्वजनिक बातचीत को लेकर समीक्षा और कार्रवाई की मांग की गई। हालांकि, बुशरा बानो के तबादले और सोशल मीडिया पर हुई आलोचना के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राज्य सरकार की ओर से जारी तबादला आदेश में उनके स्थानांतरण का कारण नहीं बताया गया है। इसी तबादला आदेश में पार्थ घोष को खड़गपुर का नया एडिशनल एसपी तथा शुभेंदु मंडल को चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट में एडिशनल डीसी नियुक्त किया गया है। सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद पुलिस महकमे में नई तैनातियां प्रभावी होंगी।