

कोलकाता : साइंस सिटी में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रदर्शनी वैक्सीन: इंजेक्टिंग होप का उद्घाटन आईसीएमआर के पूर्व महानिदेशक पद्मश्री प्रो. डॉ. बलराम भार्गव ने किया। यह प्रदर्शनी 15 अप्रैल से 30 सितंबर तक जारी रहेगी। प्रदर्शनी को नेशनल काउंसिल ऑफ साइंस म्यूजियम और लंदन के साइंस म्यूजियम ग्रुप ने संयुक्त रूप से आयोजित किया है। प्रदर्शनी का आयोजन दिल्ली, नागपुर, मुंबई और बेंगलुरु में किया जा चुका है। इसमें कोविड-19 महामारी के दौरान टीकों के विकास की वैश्विक कहानी को वैज्ञानिक और मानवीय दृष्टिकोण से दर्शाया गया है। प्रदर्शनी में नये वायरस का आगमन, नई वैक्सीन का डिजाइन, परीक्षण व स्वीकृति, वैक्सीन रोलआउट जैसे खंड हैं।
यहां महामारी की गति से विकसित की गई वैक्सीन की वैज्ञानिक प्रक्रिया को दर्शाया गया है। ब्रिटिश काउंसिल द्वारा कमीशन की गई कला स्थापना थ्रू द लेंस भी प्रदर्शित की जा रही है, जिसे कलाकार शशांक कुमार और लेखक निगेल टाउनसेंड ने मिलकर बनाया है। इसके साथ ही, एक मोबाइल साइंस प्रदर्शनी बस कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण करेगी ताकि ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों तक भी प्रदर्शनी का संदेश पहुंचे। यह प्रदर्शनी टीकों के महत्व को रेखांकित करती है और महामारी से मानवता की लड़ाई को बयां करती है। प्रदर्शनी के साझेदारों में वेलकम यूके, आईसीएमआर, एनआईवी पुणे, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, सीएसआईआर, एम्स व अन्य संस्थान शामिल हैं।