कॉकपिट पर पड़ी तेज लेजर रोशनी,पायलट ने टाली लैंडिंग

विमान को कुछ देर हवा में रखा
Kolkata
लेजर रोशनी के कारण पायलट ने टाली लैंडिंग
Published on

कोलकाता : कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार देर रात विमानन सुरक्षा से जुड़ी गंभीर घटना सामने आई। कुआलालंपुर से आ रही मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान MH-184 के पायलट को एयरपोर्ट से करीब 15 किलोमीटर पहले कॉकपिट पर तेज लेजर बीम पड़ने के कारण कुछ समय के लिए दृष्टि संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एहतियात के तौर पर पायलट ने तत्काल लैंडिंग की प्रक्रिया रोक दी और विमान को कुछ देर तक होल्डिंग पैटर्न में उड़ाने के बाद स्थिति सामान्य होने पर सुरक्षित रूप से रनवे पर उतारा। विमान में सवार सभी 159 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे।

पुलिस जांच में जुटी, एयरपोर्ट के आसपास लेजर के इस्तेमाल पर प्रतिबंध

घटना के बाद एयरपोर्ट प्राधिकरण ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान अंतिम चरण की उड़ान में था, तभी शहर की ओर से कॉकपिट पर लेजर किरण डाली गई।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लेजर बीम किस स्थान और किस व्यक्ति द्वारा छोड़ी गई। विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, टेक-ऑफ और लैंडिंग के दौरान लेजर बीम पायलट की दृष्टि प्रभावित कर सकती है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।

अधिकारियों ने लोगों से एयरपोर्ट के आसपास किसी भी प्रकार की लेजर लाइट का इस्तेमाल नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि यह कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in