

ढाका / कोलकाता : महा ऑल इंडिया मारवाड़ी फेडरेशन (MAIMF) के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने ढाका में बैठकों और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से बांग्लादेश में रह रहे मारवाड़ी समाज के साथ संवाद और समन्वय बढ़ाने की पहल की।
प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय अध्यक्ष रतनलाल अग्रवाल, राष्ट्रीय महासचिव किशन किला, कन्वेनर मुकेश जिंदल और को-कन्वेनर डॉ. नम्रता कोठारी शामिल रहे। 17 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल ने भारत के उच्चायोग में उच्चायुक्त श्री दिनेश त्रिवेदी से मुलाकात की।
इस दौरान बांग्लादेश के मारवाड़ी समाज से जुड़े सामाजिक, सामुदायिक और अन्य महत्वपूर्ण विषयों को उच्चायोग के समक्ष रखा गया। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, उच्चायुक्त ने संबंधित मुद्दों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
18 सितंबर को ढाका में मारवाड़ी समाज के प्रमुख उद्योगपतियों, व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य प्रतिनिधियों के साथ संवाद हुआ। बैठक में समाज की चुनौतियों, भविष्य की गतिविधियों और आपसी सहयोग पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर बांग्लादेश मारवाड़ी सोसायटी को MAIMF से संबद्ध एवं सहयोगी संगठन के रूप में जोड़ने का निर्णय लिया गया। साथ ही सोसायटी को ‘स्पेशल पैट्रन मेंबरशिप’ प्रदान की गई।
MAIMF के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य भारत और बांग्लादेश के मारवाड़ी समाज के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक सहयोग को मजबूत करना है। दोनों संगठनों ने भविष्य में संयुक्त रूप से विभिन्न गतिविधियां संचालित करने की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।