इंद्रजीत की हत्या ‘लिंचिंग’ नहीं, पहचान सुनिश्चित करने के बाद मारा : सीएम शुभेंदु

सीएम ने इंद्रजीत के परिजन को 25 लाख रुपये का चेक और बड़े भाई को दी नौकरी, इंद्रजीत के परिवार ने सीएम शुभेंदु अधिकारी के प्रति जताया आभार, सीएम ने किया सूर्यपुर ग्रामीण पुलिस चौकी का उद्घाटन
सीएम शुभेंदु अधिकारी सूर्यपुर ग्रामीण पुलिस चौकी का उद्घाटन करते हुए, साथ में हैं कई अन्य अधिकारी
सीएम शुभेंदु अधिकारी सूर्यपुर ग्रामीण पुलिस चौकी का उद्घाटन करते हुए, साथ में हैं कई अन्य अधिकारी
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 11 वर्षीय लड़की का शव बरामद होने के बाद इंद्रजीत मंडल की हत्या को शनिवार को ‘लिंचिंग’ (भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या) मानने से इनकार करते हुए कहा कि ‘‘हत्या’’ से पहले मंडल की पहचान सुनिश्चित कर ली गई थी। संबंधित मामले में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या कर दी गई थी और शव को बोरे में भरकर एक तालाब में फेंक दिया गया था। बच्ची का शव बरामद होने के कुछ घंटे बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने उसकी मौत में शामिल होने के संदेह में मंडल की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि बारुईपुर में तालाब से शव मिलने के बाद भड़की हिंसा में कट्टरपंथी सांप्रदायिक ताकतों या चुनाव में जनता द्वारा नकारे गए लोगों का हाथ हो सकता है। सीएम शुभेंदु ने पीट-पीटकर मारे गए इंद्रजीत के बड़े भाई को नौकरी का नियुक्ति पत्र और 25 लाख रुपये का चेक सौंपने के बाद यह टिप्पणी की। इससे पहले उन्होंने मृत बच्ची के माता-पिता से उनके घर पर मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने इससे पहले कहा था कि ऑटो रिक्शा ड्राइवर मंडल निर्दोष था और उसकी पीट-पीटकर हत्या करने में शामिल लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। शुभेंदु ने कहा कि इंद्रीजीत के बड़े भाई को सिविक वॉलेंटियर का नियुक्ति पत्र और उसके माता-पिता को 25 लाख रुपये का चेक सौंपा गया है। सीएम ने कहा, ‘‘हो सकता है कि चुनाव में जनता द्वारा नकारे गए लोगों ने हिंसा भड़काई हो। इसके अलावा, कट्टरपंथी सांप्रदायिक ताकतों की मौजूदगी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। जांच से सच्चाई सामने आएगी और इसमें शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि तस्वीरों या वीडियो फुटेज में जिन लोगों की पहचान की जा सकी है, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

इंद्रजीत मंडल के बड़े भाई बापी मंडल ने कहा

इंद्रजीत मंडल के बड़े भाई बापी मंडल ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने हमें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। उन्होंने मुझे नियुक्ति पत्र दिया और नौकरी करने को कहा। यह बारुईपुर पुलिस जिले में सिविक वॉलेंटियर के पद पर नियुक्ति का पत्र है।’’

नाबालिग की हत्या में शामिल अभियुक्तों को मिलेगी कड़ी सजा

वहीं सीएम शुभेंदु ने नाबालिग लड़की के परिवार से मुलाकात करने के बाद कहा कि पुलिस ने दर्ज शिकायत पर कार्रवाई की है। उन्होंने कहा, ‘‘परिवार ने अपनी शिकायत में चार लोगों के नाम बताए थे और उन चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।’’ मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के दौरे के दौरान बारुईपुर पुलिस जिले के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सूर्यपुर में एक नयी ग्रामीण पुलिस चौकी का उद्घाटन किया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in