

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मंगलवार देर रात कोलकाता से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6 ई 2415 में सवार यात्रियों को चार घंटे से अधिक समय तक हवाई अड्डे पर इंतजार करना पड़ा और वे बुधवार तड़के 3.01 बजे ही शहर से उड़ान भर सके। उड़ान का निर्धारित समय रात 10.30 बजे था, लेकिन दिल्ली में खराब मौसम और कोलकाता में क्रू बदलाव जैसे कई कारणों से देरी हुई। आरोप है कि यात्रियों को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गयी थी। हवाई अड्डे के सूत्रों के अनुसार, गेट 103 पर यात्रियों को उड़ान की जानकारी नहीं मिली, जिससे रात 12 बजे के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
यात्रियों ने ग्राउंड स्टाफ के साथ बहस की और कई ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की। एक यात्री ने लिखा, “इंडिगो का ‘ऑन टाइम स्कीम’ 18 जुलाई 2025 को बुरी तरह विफल रहा। रात 10.30 बजे की उड़ान देर रात 1.31 बजे तक कोलकाता हवाई अड्डे पर खड़ी थी। कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।”उड़ान अंततः तड़के 3.01 बजे कोलकाता से रवाना हुई और सुबह 5.18 बजे दिल्ली के टर्मिनल 1 पर पहुंची, जो निर्धारित समय से चार घंटे 18 मिनट देर थी।
इसके अलावा, दिल्ली से कोलकाता जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 6517 भी तकनीकी खराबी के कारण डेढ़ घंटे देरी से रवाना हुई। यात्री अजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर शिकायत की कि कोई सुविधा या जानकारी उपलब्ध नहीं थी। इंडिगो ने जवाब में देरी के लिए “परिचालन कारण” बताए और माफी मांगी। यह उड़ान रात 10.12 बजे दिल्ली से रवाना हुई और 12.25 बजे कोलकाता पहुंची।