

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : शहर में फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर पैदल यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार और प्रशासन समय-समय पर अभियान चलाते रहे हैं। हाल ही में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने भी विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर फुटपाथों पर बने फूड स्टॉल और कियोस्क को व्यवस्थित करने तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया था। जिन इलाकों का उन्होंने दौरा किया, वहां कई दुकानदारों ने अपने स्टॉल छोटे कर दिए और फुटपाथों को आंशिक रूप से खाली भी किया। हालांकि, पार्क स्ट्रीट के समीप स्थित सदर स्ट्रीट, किड स्ट्रीट और इंडियन म्यूजियम के आसपास की तस्वीर इससे अलग नजर आती है। यहां फुटपाथों के दोनों ओर कथित रूप से अवैध कब्जा कर फूड स्टॉल और अन्य दुकानें संचालित की जा रही हैं। इससे पैदल यात्रियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह और शाम के व्यस्त कार्यालय समय में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। फुटपाथों पर अतिक्रमण होने के कारण लोगों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा भीड़भाड़ का फायदा उठाकर जेबकतरी जैसी घटनाएं होने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। यह क्षेत्र शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में फुटपाथों पर अव्यवस्थित तरीके से संचालित स्टॉल न केवल शहर की छवि को प्रभावित करते हैं, बल्कि स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले में खाद्य सामग्री तैयार और परोसे जाने से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ सकते हैं।
यात्रियों की मांग :
उत्तर कोलकाता के रहने वाले एक व्यक्ति ने कहा कि यदि सदर स्ट्रीट, किड स्ट्रीट और इंडियन म्यूजियम के आसपास फुटपाथों पर लगे स्टॉलों को व्यवस्थित किया जाए और अतिक्रमण हटाया जाए, तो पैदल यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। उनका कहना है कि फुटपाथों का प्राथमिक उद्देश्य राहगीरों के सुरक्षित आवागमन के लिए है और इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
केएमसी के एक अधिकारी ने यह कहा :
इस संबंध में कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र की स्थिति पर प्रशासन की नजर है और आने वाले दिनों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।