

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
सुंदरवन : दिल्ली विस्फोट के बाद देश के सभी बड़े शहरों में आतंक का माहौल है। पूरे देश में खासकर अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों में हाई अलर्ट जारी है। इसबीच राज्य पुलिस ने भी सक्रियता बढ़ा दी है। रेल सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय जल सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गयी है। सुंदरवन के तटीय पुलिस के साथ तटरक्षक बल ने स्पीडबोट से बंगाल की खाड़ी में गश्त शुरू कर दी है। देखा गया कि फ्रेजरगंज तटीय थाने के पुलिसकर्मी सुंदरवन की नदियों और बंगाल की खाड़ी में एफआईबी बोट से निगरानी कर रहे हैं। इस समय बड़ी संख्या में मछुआरे ट्रॉलर से मछली पकड़ने भी जाते हैं। उन्हें सतर्क किया गया है कि जल सीमा में कोई संदिग्ध जलयान या संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो स्थानीय तटीय थाना, कोस्ट गार्ड, मछुआरा एसोसिएशन को जितनी जल्दी हो सके सूचना दें। इस मार्ग पर घुसपैठ को रोकने के लिए नदी और जंगल क्षेत्र में बीएसएफ पैनी नजर रख रहा है। फ्लोटिंग बॉर्डर आउट पोस्ट से निगरानी की जा रही है। साथ ही बंगाल की खाड़ी के हिस्से में तटरक्षक बल की विशेष निगाह है। साथ ही तटीय क्षेत्र के स्थल मार्ग पर भी पुलिस गश्त काफी बढ़ गयी है और नाका चेकिंग की जा रही है। नदी और जेटी घाटों से जाने वाले सभी रास्तों पर भी गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पास में ही बांग्लादेश है। इसलिए सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग पर बांग्लादेशी और अन्य विदेशी जहाजों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
सुंदरवन पुलिस के एसपी ने यह कहा
सुंदरवन पुलिस के एएसपी कोटेश्वर राव ने कहा, “दिल्ली ब्लास्ट के बाद नाका चेकिंग और वाटर पेट्रोलिंग बढ़ा दी गयी है।” साथ ही बार्ज भी तटरक्षक बल की निगरानी के दायरे में हैं। सीधी बात यह है कि जल सीमा में कोई खामी न रहे, इसके लिए कोस्ट गार्ड और पुलिस हमेशा सतर्क हैं।