

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : जीवनतला थाना क्षेत्र के मौखाली इलाके में स्थित शौकत मोल्ला के बेटे इमरान मोल्ला के कैफे ‘अरण्येर कूले’ को गुरुवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। आरोप है कि यह कैफे मातला नदी के तट पर अवैध रूप से बनाया गया था। इसी मामले में प्रशासन ने 29 जून को संबंधित अवैध निर्माण को हटाने का आदेश दिया था। निर्धारित समय सीमा के भीतर कैफे मालिक द्वारा आदेश का पालन नहीं किए जाने पर प्रशासन ने स्वयं ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अदालत और संबंधित विभाग के निर्देश के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाया गया था। इसके बाद सरकारी पहल पर बुलडोजर के जरिए कैफे को तोड़ने का काम शुरू किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ध्वस्त करने के अभियान पर होने वाला पूरा खर्च कैफे मालिक से ही वसूला जाएगा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। संबंधित अधिकारियों का कहना है कि जांच और प्रशासनिक कार्रवाई दोनों ही कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई। इस मामले में स्थानीय भाजपा नेताओं ने कहा कि शौकत ने कैनिंग पूर्व के लोगों के साथ अन्याय किया है। जिस स्थान पर हम पौधारोपण करते हैं, उसी जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से कैफे बनाया गया था। इस तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा