

कोलकाता : नदियाल थाना क्षेत्र के अयूबनगर में पुलिस ने एक घर के अंदर चल रहे अवैध हथियार कारखाने का भंडाफोड़ किया है। राज्य पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही मकान मालिक मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिस पर अवैध फैक्ट्री चलाने का आरोप है। एसटीएफ की इस छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। बरामद सामानों में दो 7 एमएम की बंदूकें, दो देसी पिस्तौल, कई जिंदा कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ की टीमें विभिन्न ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। नदियाल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
जांच अधिकारी अब यह पता लगा रहे हैं कि आरोपी पिछले कितने दिनों से इस घर में अवैध हथियार बना रहा था, उसे इस काम के लिए कहां से ऑर्डर मिलते थे और हथियारों के निर्माण के लिए कच्चा माल व उपकरण कहां से खरीदे जाते थे? पुलिस का मानना है कि मुख्य आरोपी के पकड़े जाने के बाद इस पूरे सिंडिकेट और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।