IIM कलकत्ता ने नवाचार को दी नई उड़ान

पांच स्टार्टअप्स को 20-20 लाख का बड़ा अनुदान
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क (आईआईएमसीआईपी) ने डेमलर इंडिया कमर्शियल व्हीकल्स (डीआईसीवी) के सहयोग से पांच सामाजिक स्टार्टअप्स का चयन किया है। इन स्टार्टअप्स को डीआईसीवी-आईआईएमसीआईपी सोशल इम्पैक्ट इन्क्यूबेशन प्रोग्राम के तहत अपने नवाचारों को आगे बढ़ाने और बाजार तक पहुंचाने के लिए 20-20 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा।

यह पहल डीआईसीवी की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) परियोजना डेमलर ट्रक केयर्स के अंतर्गत संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य ऐसे सामाजिक उद्यमों को प्रोत्साहित करना है, जो इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, सर्कुलर इकोनॉमी, सतत कृषि, डिजिटल सस्टेनेबिलिटी और सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में नवाचार कर रहे हैं।

चयनित स्टार्टअप्स में एलडब्ल्यू3 प्राइवेट लिमिटेड, सेरीग्रीन टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड, टूयूज्ड, वीआरडी मोटर्स और एक्सेलो इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। ये कंपनियां क्रमशः इलेक्ट्रिक वाहन बैटरियों की डिजिटल ट्रैकिंग, रेशम उत्पादन के लिए एआई और आईओटी आधारित निगरानी, कपड़ों के पुनः उपयोग, स्वचालित इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर तथा व्यावसायिक उपयोग के लिए मॉड्यूलर इलेक्ट्रिक वाहन प्लेटफॉर्म जैसे समाधान विकसित कर रही हैं।

अक्टूबर 2025 में शुरू हुए इस कार्यक्रम के पहले चरण में 10 सामाजिक उद्यमों का चयन किया गया था। उन्हें उत्पाद विकास, व्यावसायिक परीक्षण और बाजार के लिए तैयार करने हेतु एक-एक लाख रुपये की फेलोशिप प्रदान की गई थी। इसके बाद आयोजित डेमो डे में प्रदर्शन और मूल्यांकन के आधार पर पांच सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप्स को अगले चरण के लिए 20-20 लाख रुपये के कार्यान्वयन अनुदान के लिए चुना गया।

इस वित्तीय सहायता से इन स्टार्टअप्स को अपने उत्पादों के विस्तार, बाजार में स्वीकार्यता बढ़ाने और कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in