Kolkata
‘पश्चिम बंग’ करने की तैयारी

बदलेगी पहचान! अब राज्य का नाम ‘पश्चिम बंग’ करने की तैयारी

केंद्र की मंजूरी के बाद खत्म होगी ‘West Bengal’ की पहचान, प्रस्ताव 9 दिसम्बर को विधानसभा में पेश होगा : CM
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

राज्य सरकार राज्य का नाम पश्चिम बंगाल से बदलकर पश्चिम बंग करना चाहती है। इस संबंध में राज्य सरकार 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव पेश करेगी। इसके बाद मंजूरी के लिए इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि राज्य का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने का प्रस्ताव विधानसभा के चार दिसंबर से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद, राज्य का नाम अंग्रेजी में भी आधिकारिक दस्तावेजों और प्रशासनिक अभिलेखों में ‘पश्चिम बंग’ लिखा जाएगा, जिससे 'वेस्ट बंगाल' के रूप में इसकी लंबे समय से चली आ रही अंग्रेजी पहचान का अंत हो जाएगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 से 14 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।

दशकों से अधूरी है नाम परिवर्तन की कवायद, इस बार उम्मीदें क्यों बढ़ीं?

राज्य का नाम बदलने की पहल नई नहीं है। वाम मोर्चा के शासनकाल में और बाद में ममता बनर्जी के शासन के दौरान भी विधानसभा से नाम परिवर्तन का प्रस्ताव पारित कराने के प्रयास किए गए थे। हालांकि, नई दिल्ली में इन प्रस्तावों को बार-बार बाधाओं का सामना करना पड़ा। मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार, दोनों में से किसी ने भी इन प्रस्तावों पर सहमति नहीं जताई, जिसके परिणामस्वरूप लंबे प्रयासों के बावजूद यह प्रक्रिया अब तक अधूरी रही थी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्य और केंद्र, दोनों में एक ही पार्टी के सत्ता में होने से, राज्य सचिवालय 'नवान्न' को इस बार कम बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है। उनका मानना है कि डबल इंजन की सरकार होने के चलते दिल्ली से मंजूरी मिलनी आसान हो गई है।

अंग्रेजी के ‘W’ ने बढ़ाई परेशानी?

पश्चिम बंगाल को लंबे समय से प्रशासनिक असुविधा का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि राज्य के नाम ‘West Bengal’ का पहला अक्षर 'W' होने के कारण इसकी बारी अंत में आती है। दिल्ली में मुख्यमंत्रियों की बैठकों और अन्य अखिल भारतीय प्रशासनिक बैठकों में, राज्यों की वर्णमाला क्रम के कारण बंगाल के प्रतिनिधियों को अक्सर कार्यवाही के अंत में बोलने का अवसर मिलता है। अधिकारियों ने कहा कि नाम बदलने का नवीनतम प्रयास आंशिक रूप से इस मुद्दे को हल करने के उद्देश्य से किया गया है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News