पत्नी को अविवाहित बताकर फर्जी दस्तावेज बनाया, पति गिरफ्तार

अलीपुर थाना इलाके की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पत्नी को अविवाहित बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और जालसाजी करने के आरोप में अलीपुर थाने की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निर्मल्य भट्टाचार्य के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार, इस मामले की शिकायत एक अधिवक्ता ने दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने एक वैवाहिक वेबसाइट पर अपना प्रोफाइल बनाया था, जहां उनकी मुलाकात बाचेंद्री भट्टाचार्य नामक एक महिला से हुई। महिला ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए विवाह में रुचि दिखाई, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। शिकायत के मुताबिक, परिचय के दौरान महिला ने अधिवक्ता की पहचान सत्यापित करने के बहाने उनके पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों की प्रतियां प्राप्त कर लीं। कुछ समय बाद अधिवक्ता को पता चला कि महिला पहले से विवाहित है और उसके पति का नाम निर्मल्य भट्टाचार्य है। आरोप है कि पति की मिलीभगत से महिला ने खुद को अविवाहित बताकर वैवाहिक वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाया। इसके बाद अधिवक्ता के दस्तावेजों का कथित रूप से दुरुपयोग कर फर्जी पहचान पत्र और फर्जी राशन कार्ड तैयार किया गया। आरोप है कि उस राशन कार्ड में अधिवक्ता को महिला का पति दर्शाया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद वकील ने दक्षिण कोलकाता के अलीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी निर्मल्य भट्टाचार्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in