

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : रिसड़ा थानांतर्गत 3 नंबर गवर्नमेंट कॉलोनी के एक किराए के मकान के अंदर अवैध संबंध के शक में गला रेतकर पत्नी की हत्या करने के बाद पति ने कोलकाता के बेलगछिया मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन के सामने कूदकर खुदकुशी कर ली। मृत महिला का नाम मोनिका सरकार (32) जबकि उसके मृत पति का नाम दीपांकर सरकार है। जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह घर के बेड पर सोई हुई 6 साल की बेटी के पास से मोनिका सरकार का रक्तरंजित शव बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी पति दीपांकर सरकार का पता नहीं चल पा रहा था, बाद में उसके खुदकुशी करने की खबर मिली। घटना को लेकर इलाके में आतंक का माहौल व्याप्त हो गया। क्या है मामला प्राप्त जानकरी के अनुसार दीपांकर अपनी पत्नी मोनिका सरकार और 6 साल की बेटी के साथ हुगली के रिसड़ा में किराए के मकान में रहता था। दीपांकर काम के सिलसिले में दिल्ली में रहता था। वह बीच बीच में पत्नी से मिलने के लिए आया करता था। इस बीच मोनिक का किसी अन्य के साथ अवैध संबंध होने पर दंपति के बीच कलह होने लगा था। शुक्रवार की रात पड़ोसियों ने बगल वाले घर में मोनिका के चीखने की आवाज सुनी। इसके बाद सुबह खून से सना शव बिस्तर पर मिला। पुलिस को शक है कि उसकी गला रेतकर हत्या की गई है। इसके बाद शनिवार दोपहर बेलगछिया में मेट्रो लाइन पर एक व्यक्ति के सुसाइड की खबर फैली। शुरू में उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। बाद में चंदननगर पुलिस ने बताया कि वह व्यक्ति मोनिका का पति दीपांकर है। चंदननगर पुलिस के एक उच्च अधिकारी ने यह कहा : चंदननगर पुलिस के एक उच्च अधिकारी ने कहा कि मोनिका के मायके वालों ने पति दीपांकर के खिलाफ रिसडा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी। तभी पता चला कि उसने उल्टाडांगा थानांतर्गत बेलगछिया मेट्रो स्टेशन पर खुदकुशी कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।