हावड़ा स्टेशन के मेन सबवे और फेरी घाट सबवे का होगा आधुनिकीकरण, ₹24.69 करोड़ होंगे खर्च

350 मीटर लंबे मेन सबवे और 50 मीटर लंबे फेरी घाट सबवे में मिलेंगी आधुनिक यात्री सुविधाएं, एस्केलेटर और सीसीटीवी से बढ़ेगी सुरक्षा
Howrah Station Eviction: Bus Terminus Turns into Dump Yard
फाइल फोटो
Published on

हावड़ा : हावड़ा स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मेन सबवे और फेरी घाट सबवे के आधुनिकीकरण की योजना तैयार की गई है। दोनों सबवे के रेट्रोफिटिंग और बुनियादी ढांचे के उन्नयन पर करीब 24.69 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए राज्य के संसदीय कार्य एवं शहरी विकास और नगर निकाय मामलों के राज्य मंत्री उमेश राय के नेतृत्व में संबंधित विभागों के बीच समन्वय किया जा रहा है।

इसी सिलसिले में गुरुवार को हावड़ा स्टेशन क्षेत्र में परियोजना के क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें KMDA के सीईओ, हावड़ा के जिलाधिकारी, हावड़ा नगर निगम के कमिश्नर, रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक (Senior DCM) सहित KMDA, HMC, जिला प्रशासन, रेलवे और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

350 मीटर लंबे मेन सबवे का होगा कायाकल्प

परियोजना के दस्तावेजों के अनुसार, हावड़ा मेन सबवे की लंबाई करीब 350 मीटर, जबकि फेरी घाट सबवे की लंबाई लगभग 50 मीटर है। ये सबवे हावड़ा स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्मों के बीच यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के साथ मेट्रो के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर, बस और फेरी सेवाओं से यात्री संपर्क को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

परियोजना की कुल अनुमानित लागत 24,69,01,474 रुपये है। इसमें सिविल कार्यों पर करीब 15.67 करोड़ रुपये और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल कार्यों पर लगभग 9.02 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

ग्रेनाइट फिनिशिंग और डिजिटल डिस्प्ले से बदलेगा स्वरूप

आधुनिकीकरण के तहत सबवे की आंतरिक सज्जा, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। इसमें पीवीसी पैनल वाली छत, ग्रेनाइट टाइल्स से दीवारों की फिनिशिंग, ग्रेनाइट स्लैब फ्लोरिंग, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, दिशानिर्देश संकेतक और प्रवेश-निकास द्वारों पर स्टील व ग्लास कैनोपी लगाने का काम शामिल है। इसके अलावा इंटीग्रेटेड लिटर बिन, बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था, दिव्यांग यात्रियों के लिए स्टेनलेस स्टील हैंडरेल तथा म्यूरल और हेरिटेज तस्वीरों के जरिए सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

एस्केलेटर, सीसीटीवी और फायर सेफ्टी की सुविधा

इलेक्ट्रो-मैकेनिकल कार्यों के तहत आंतरिक वायरिंग, एलईडी लाइटिंग, फायर डिटेक्शन और अलार्म सिस्टम सहित फायर फाइटिंग व्यवस्था स्थापित की जाएगी। पूरे सबवे क्षेत्र में सीसीटीवी निगरानी, मौजूदा एयर सर्कुलेशन सिस्टम का नवीनीकरण और कंट्रोल रूम व मॉनिटरिंग रूम में एसी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सबवे के गेट नंबर 6 और 9 पर एस्केलेटर लगाए जाएंगे, जबकि फेरी घाट सबवे में दो एस्केलेटर का प्रावधान है। इसके अलावा ट्रांसफॉर्मर को मजबूत करने, डीवाटरिंग पंप लगाने और पब्लिक एड्रेसिंग सिस्टम स्थापित करने की भी योजना है।

विभागों के बीच समन्वय पर जोर

राज्य मंत्री उमेश राय ने कहा कि हावड़ा स्टेशन हावड़ा के साथ-साथ कोलकाता और आसपास के व्यापक क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र है। ऐसे में स्टेशन से जुड़े यात्री बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

बैठक में परियोजना के विभिन्न पहलुओं, विभागीय समन्वय और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना से यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवाजाही, दिशानिर्देशन और समग्र यात्री अनुभव को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in