जलभराव से बेहाल हावड़ा

एक की मौत, सात घायल
Howrah
जलभराव से बेहाल हावड़ा
Published on

हावड़ा : भारी बारिश के बाद सड़कों पर जमा पानी और जगह-जगह बने गड्ढों ने हावड़ा में लोगों की मुश्किल बढ़ा दी है। जलभराव के बीच हुए दो अलग-अलग हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं।

साइकिल से घर लौट रहा था युवक, कमर तक पानी में गिरा

डोमजूर थाना क्षेत्र में बुधवार को 36 वर्षीय सहदेब बाचार साइकिल से घर लौट रहा था। इलाके में बारिश का पानी करीब कमर तक जमा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह पानी में गिर गया और डूब गया। पुलिस ने बाद में उसका शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मृतक के भाई महादेब ने सड़क की खराब हालत और जाम नालियों को हादसे के लिए जिम्मेदार बताया। उनका आरोप है कि स्थानीय लोगों की ओर से बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

इससे पहले 22 अगस्त को दासनगर थाना क्षेत्र के काशीपुर में 47 वर्षीय काजल देयाशी की भी घर के सामने जमा पानी में डूबने से मौत हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, वह न्यूरोलॉजिकल बीमारी से पीड़ित थे।


पानी के नीचे छिपे गड्ढों ने पलटाए टोटो और ऑटो

जलभराव के कारण मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। बेनारस रोड के कोना तेंतुलतल्ला इलाके में यात्रियों से भरा टोटो बारिश के पानी के नीचे छिपे गड्ढे में फंसकर पलट गया। हादसे में चार यात्री घायल हुए।

उन्हें हावड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया। इनमें दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दो अन्य को हाथ, पैर, और पसलियों में फ्रैक्चर के कारण भर्ती करना पड़ा।

दूसरा हादसा उलुबेरिया के कामारशाला इलाके में हुआ। यहां जलभराव वाली सड़क पर गड्ढे में गिरने से ऑटो पलट गया और तीन यात्री घायल हो गए। सभी को उलुबेरिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। इनमें दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भर्ती किया गया, जबकि एक यात्री को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in