पोस्ता में ढहा 150 साल पुरानी इमारत का हिस्सा, बाल-बाल बचे 7 लोग

पोस्ता के सिकदरपाड़ा लेन की घटना
पोस्ता के सिकदरपाड़ा लेन में मकान का हिस्सा ढहने के बाद की तस्वीर
पोस्ता के सिकदरपाड़ा लेन में मकान का हिस्सा ढहने के बाद की तस्वीर
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मूसलाधार बारिश के बीच कोलकाता में एक बार फिर जर्जर इमारत गिरने की दर्दनाक घटना सामने आई है। जोड़ाबागान के बाद अब बड़ाबाजार के पोस्ता थाना अंतर्गत सिकदर पाड़ा लेन इलाके में करीब 150 साल पुरानी एक इमारत का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय इमारत के भीतर 7 लोग फंसे हुए थे। हालांकि, स्थानीय निवासियों की मुस्तैदी से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

क्या है पूरा मामला

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह इमारत लगभग 150 साल पुरानी है। हिस्सेदारों के आपसी विवाद के कारण लंबे समय से इस इमारत की कोई मरम्मत नहीं कराई गई थी। जर्जर हो चुकी इस इमारत की छत और दीवारों पर बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी थीं, जिनसे पेड़-पौधे और झाड़ियां उग आई थीं। इसी खतरनाक स्थिति के बीच एक परिवार वहां रहने को मजबूर था। पिछले कुछ दिनों से छत का प्लास्टर और ईंट-पत्थर गिर रहे थे। लगातार हो रही बारिश से जर्जर ढांचा और कमजोर हो गया तथा मंगलवार सुबह अचानक छत समेत ऊपरी हिस्सा ढह गया। घटना की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, इमारत का अगला हिस्सा पूरी तरह से जमींदोज हो चुका है। अंदर 6 से 7 लोग मौजूद थे, लेकिन ईश्वर की कृपा से किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in