हॉर्टिकल्चर वीक: पौधरोपण के साथ पौधों की देखभाल का भी संकल्प

पौधा लगाना ही नहीं, उसकी देखभाल भी जरूरी : मंत्री
Kolkata
हॉर्टिकल्चर वीक
Published on

कोलकाता : हॉर्टिकल्चर वीक 2026 के तहत बुधवार को साल्टलेक स्थित विज्ञान चेतना भवन में पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 17 से 25 अगस्त तक चल रहे इस आयोजन का उद्देश्य हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ टिकाऊ बागवानी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम का आयोजन पश्चिम बंगाल सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं उद्यानिकी विभाग तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने संयुक्त रूप से किया।

मंत्रियों और विद्यार्थियों ने लिया पौधरोपण में हिस्सा

कार्यक्रम में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं उद्यानिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के मंत्री प्रो. (डॉ.) कल्याण चक्रवर्ती और राज्य मंत्री अमिया किस्कू मौजूद रहे।

वरिष्ठ अधिकारियों में अतिरिक्त मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और विभागीय सचिव स्मारकी महापात्रा शामिल थीं। बिधाननगर गवर्नमेंट हाई स्कूल, बेगम रुकैया स्मृति बालिका विद्यालय और बिधाननगर गवर्नमेंट कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी पौधरोपण में भाग लिया।

पौधा लगाना ही नहीं, उसकी देखभाल भी जरूरी

मंत्री कल्याण चक्रवर्ती ने कहा कि पौधा लगाना केवल शुरुआत है, उसे पेड़ बनने तक नियमित देखभाल और संरक्षण की जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री की ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पहल का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से पौधों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव विकसित करने की अपील की।

उन्होंने युवाओं से परिवार और समाज को पौधरोपण के साथ पेड़ों के संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। मंत्री ने उद्यानिकी क्षेत्र को मजबूत करने में विज्ञान, तकनीक और जैव प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल पर भी जोर दिया। उन्होंने टिकाऊ उत्पादन, बेहतर वैल्यू चेन और किसानों के लिए रोजगार व आजीविका के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in