

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : हुगली जिले में SIR प्रक्रिया के तहत जारी अंतिम मतदाता सूची में कुल 15,932 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। इसके बाद जिले में अब कुल 44,40,293 मतदाता सूचीबद्ध हैं। इनमें 22,36,413 पुरुष, 22,03,787 महिला और 93 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। कई विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है। फिलहाल 1,73,068 मतदाता ‘एडजुडिकेशन’ प्रक्रिया के तहत हैं, जिनके दस्तावेजों की जांच जारी है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, SIR प्रक्रिया शुरू होने से पहले जिले में कुल 47,75,099 मतदाता थे। प्रथम चरण में जारी मसौदा सूची के बाद 3,18,853 नाम हटाए गए थे। इनमें मृत, स्थानांतरित या सत्यापन के दौरान अनुपलब्ध पाए गए मतदाता शामिल थे। इसके बाद मसौदा सूची में 44,56,225 नाम शेष रहे। अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद मसौदा सूची से भी 15,932 नाम विलोपित कर दिए गए। इस तरह मसौदा और अंतिम सूची—दोनों चरणों को मिलाकर जिले से कुल 3,38,785 नाम हटाए जा चुके हैं। जिला मजिस्ट्रेट खुर्शीद अली कादरी ने बताया कि 1.73 लाख से अधिक नामों की जांच के लिए विभिन्न न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। प्रतिदिन लगभग 30 न्यायिक अधिकारी निर्धारित समय में दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद संबंधित नामों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 44 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज हैं और सभी राजनीतिक दलों को मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। जिन मतदाताओं के नाम हटे हैं, वे चुनाव घोषणा से पहले निर्धारित प्रपत्र (फॉर्म-6) भरकर पुनः आवेदन कर सकते हैं।