हुगली के कई क्षेत्रों में केंद्रीय बलों ने किया रूट मार्च

केंद्रीय बलों के जवान रूट मार्च करते हुए
केंद्रीय बलों के जवान रूट मार्च करते हुए
Published on

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता

हुगली : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर सोमवार को केंद्रीय बलों ने विभिन्न क्षेत्रों में गश्त और रूट मार्च शुरू कर दिया। राज्य में कुछ ही दिनों में विधानसभा चुनाव की घोषणा होने वाली है। चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने जिले में केंद्रीय बलों की तैनाती की घोषणा की थी। चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत चुंचुड़ा थाना प्रभारी (आईसी) रामेश्वर ओझा, चंदननगर थाना प्रभारी संजय श्रीवास्तव, श्रीरामपुर थाना प्रभारी सुखमय चक्रवर्ती, डानकुनी थाना प्रभारी शांतनु सरकार, रिसड़ा थाना प्रभारी संजय सरकार, भद्रेश्वर तथा उत्तरपाड़ा के थाना प्रभारियों ने केंद्रीय बलों के जवानों के साथ रूट मार्च किया। हुगली ग्रामीण पुलिस के अंतर्गत आरामबाग के एसडीपीओ सुप्रभात चक्रवर्ती और थाना प्रभारी (आईसी) राकेश सिंह ने केंद्रीय बलों के साथ पल्लूश्री, हॉस्पिटल मोड़, बस स्टैंड, पुरातन बाजार सहित लगभग 6.2 किलोमीटर तक रूट मार्च किया। मोगरा थाना प्रभारी (आईसी) सौमेन विश्वास ने डिग्सुई-हेवड़ा, मोगरा गंज बाजार सहित अन्य स्थानों पर रूट मार्च किया। इस दौरान डीएसपी अभिजीत सिन्हा महापात्र भी मौजूद रहे। वहीं, सिंगुर थाना प्रभारी (आईसी) प्रदीप दां ने केंद्रीय बलों के साथ नसीबपुर नंदबाजार, पुरुषोत्तमपुर मोड़, डकैतकाली, सिंगुर बाजार सहित थाना क्षेत्र के अन्य स्थानों पर रूट मार्च किया। इसके अलावा तारकेश्वर थाना प्रभारी सुब्रत साधु, पांडुआ थाना प्रभारी पलाश चंद्र विश्वास तथा हरिपाल थाना प्रभारी अरूप मंडल ने भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में रूट मार्च किया। चुनाव से पहले चुनाव आयोग मतदाताओं को भयमुक्त होकर मतदान करने के लिए आश्वस्त करने का प्रयास कर रहा है। लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाये रखने की अपील की गई है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in