हेरिटेज इमारतों के सामने नहीं लगेगा होर्डिंग व पोस्टर : मेयर

हेरिटेज इमारतों के सामने नहीं लगेगा होर्डिंग व पोस्टर : मेयर
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : हेरिटेज इमारतों को पोस्टरिंग व होर्डिंग से ढक दिया जा रहा है जिससे इन इमारतों की शोभा खराब हो रही है। इस समस्या को लेकर मेयर फिरहाद हकीम ने शुक्रवार को कहा कि हेरिटेज इमारतों के सामने पोस्टर व होर्डिंग लगाना निषेध होगा। इसे लेकर केएमसी की ओर से कार्रवाई कर चिट्ठी दी जाएगी ताकि जल्द से जल्द इन इमारतों की गरिमा वापस लाई जाए। मेयर ने साफ तौर पर कहा कि हेरिटेज इमारतें लोगों के देखने की जगह है न कि विज्ञापन की।

मैंने अपनी आंखों से देखा है कि किस प्रकार नेताजी भवन में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के निवास स्थान को भी होर्डिंग और पोस्टरों से ढक दिया गया है। हम हेरिटेज इमारतों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष तौर पर लाइटिंग करते हैं ताकि वह रात में बेहतर दिखे। यदि इन्हें ढक दिया जाए तो फिर सौंदर्यकरण का क्या फायदा। इसके अलावा मेयर ने कहा कि हेरिटेज इमारतों के सामने से हॉकरों को भी हटाया जाएगा जिससे बाहर से आये पर्यटकों के सामने कोलकाता की छवि बेहतर हो।

गौरतलब है कि केएमसी में कई बार लोगों द्वारा पुरानी इमारतों को हेरिटेज टैग देने के लिए आवेदन किए जाते हैं। इस मुद्दे पर मेयर ने साफ तौर पर कह दिया है कि किसी भी हाल में इस तरह के आवेदनों को नहीं माना जाएगा। हेरिटेज टैग केवल इतिहास और आर्किटेक्चरल के आधार पर ही दिया जाएगा। पहले केवल ग्रेड के अनुसार ब्लू प्लेट लगाए जाते थे लेकिन अब इमारतों के बाहर उसके इतिहास और आर्किटेक्चर के बारे में भी बताया जाएगा कि आखिर क्यों इसे हेरिटेज टैग दिया जा रहा है। इससे हेरिटेज वैल्यू तैयार किया जायेगा। इसी के साथ हेरिटेज इमारतों के मालिकों को इसके जीर्णोद्धार करने के लिए नोटिस भी भेजी जाएगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in