श्री अग्रसेन कॉलेज व बालिका शिक्षा सदन में मनाया गया हिन्दी दिवस समारोह

हिन्दी को अपनाने से ही बढ़ेगा उसका सम्मान : महावीर प्रसाद सराफ
Kolkata
हिन्दी दिवस समारोह
Published on

हावड़ा: हिन्दी दिवस के अवसर पर14 सितंबर को श्री अग्रसेन कॉलेज, हावड़ा के हिन्दी विभाग की ओर से हिन्दी दिवस समारोह आयोजित किया गया। कॉलेज के संस्थापक चेयरमैन एवं रचनाकार महावीर प्रसाद सराफ ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए हिन्दी में उच्चस्तरीय शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि हिन्दी का सम्मान तभी बढ़ेगा, जब हिन्दी भाषी पूरी ईमानदारी से इसे अपनाकर दूसरों को भी प्रेरित करेंगे। उन्होंने बताया कि करीब आठ वर्ष पूर्व कॉलेज में हिन्दी विभाग शुरू करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिन्दी में ऑनर्स एवं जनरल कोर्स की सुविधा देना था।

समारोह की शुरुआत हिन्दी विभाग की प्रोफेसर डॉ. पापिया साव के प्रेरक वक्तव्य से हुई। विद्यार्थियों ने हिन्दी पर पोस्टर, भाषण, स्वरचित कविताएं एवं लघुकथाएं प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम में प्रदीप्त साउ, पियाली मजुमदार, समरीन शकूर, शाश्वती नंदी, लावणी दे, संघमित्रा चक्रवर्ती एवं सौम्यदीप घोष सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

14 सितंबर को ही लिलुआ स्थित अग्रसेन बालिका शिक्षा सदन में भी प्रार्थना सभा के दौरान हिन्दी दिवस समारोह आयोजित हुआ। कक्षा 11वीं की छात्राओं ने हिन्दी के महत्व पर वक्तव्य दिए और वृत्तचित्र प्रस्तुत किया।

हिन्दी पखवाड़े के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं, काव्यपाठ एवं वाद-विवाद आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर हिन्दी विभागाध्यक्ष रीता मिश्रा तथा उत्कृष्ट अंक प्राप्त छात्राओं को हावड़ा नवज्योति संस्था की ओर से आचार्य विष्णुकांत शास्त्री सम्मान से सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in