शहीद दिवस : लालबाजार पहुंचा ममता गुट

21 जुलाई की तैयारियों को लेकर पुलिस के साथ हाई-लेवल बैठक, संयुक्त निरीक्षण
File Photo
File Photo
Published on

कोलकाता : 21 जुलाई के शहीद दिवस कार्यक्रम से ठीक पहले सभा स्थल को लेकर जारी असमंजस दूर करने के लिए शनिवार को ममता बनर्जी गुट की तृणमूल कांग्रेस के शीर्ष नेता लालबाजार पहुंचे।

डोला सेन, कुणाल घोष और वैश्वानर चट्टोपाध्याय ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर मंच, पंडाल और आवाजाही की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के बाद शाम 5.30 बजे पुलिस की मौजूदगी में सभा स्थल का संयुक्त निरीक्षण भी किया गया।

बैठक के बाद कुणाल घोष ने कहा कि हाईकोर्ट द्वारा तय की गई सभी शर्तों का अक्षरशः पालन किया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी तरह का विवाद, भ्रम या गलत प्रचार न हो, इसलिए पुलिस के साथ समन्वय बनाकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

हालांकि संयुक्त निरीक्षण के दौरान कैथेड्रल रोड पर मंच की सटीक स्थिति को लेकर पुलिस और ममता गुट के नेताओं के बीच कुछ देर के लिए मतभेद भी देखने को मिला। पुलिस पश्चिमी लेन में मंच बनाने के पक्ष में थी, जबकि ममता गुट पूर्वी लेन पर ही अड़ा रहा।

इसके बाद नेताओं ने फीता लेकर मौके पर माप-जोख शुरू की। सूत्रों के अनुसार, एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स के निकट पूर्वी लेन में धर्मतला की ओर मुख करके मंच बनाया जाएगा, जबकि पश्चिमी लेन वाहनों की आवाजाही के लिए खुली रहेगी।

गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने धर्मतला स्थित विक्टोरिया हाउस के सामने सभा की अनुमति देने से इनकार करते हुए बिरला तारामंडल के निकट निर्धारित समय और सीमित संख्या में सभा आयोजित करने की अनुमति दी है। ऐसे में अब अदालत की शर्तों के दायरे में रहकर कार्यक्रम को सफल बनाने की चुनौती ममता गुट के सामने है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in