अभिषेक को मिला 29 जनवरी तक सुरक्षा कवच

राज्य ने जताया एतराज पर कोर्ट ने नहीं सुना
अभिषेक को मिला 29 जनवरी तक सुरक्षा कवच
Published on: 

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता  कोलकाता : ममता तृणमूल कांग्रेस के महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी को मिले सुरक्षा कवच की अवधि 29 जनवरी तक बढ़ा दी गई है। जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने शुक्रवार को मामले की सुनवाई के बाद उपरोक्त आदेश दिया। अलबत्ता राज्य सरकार की तरफ से सुरक्षा अवधि बढ़ाई जाने पर तीखा एतराज जताया गया, पर कोर्ट ने इसे नहीं सुना। जस्टिस भट्टाचार्य ने सवाल किया कि क्या स्थिति में कोई ऐसा बदलाव हुआ है जिसके आधार पर सुरक्षा कवच की अवधि नहीं बढ़ाई जाए। पेटीशनर जांच में सहयोग कर रहा है, उसके असहयोग करने का कोई आरोप नहीं लगाया गया है। जस्टिस भट्टाचार्य ने आदेश दिया कि मामले की जांच में प्रगति के बाबत एक रिपोर्ट अगली सुनवाई में दाखिल करें। इस मामले की सुनवाई के दौरान एडिशनल एडवोकेट जनरल राजदीप मजूमदार ने अभिषेक बनर्जी द्वारा जजों के खिलाफ की गई टिप्पणी का पुरजोर हवाला दिया। उन्होंने कहा कि एक ऐसा व्यक्ति जो जजों के खिलाफ व्यक्तिगत रूप से आरोप लगा रहा है, न्यायपालिका को शक के कटघरे में खड़ा कर रहा है, उसे सुरक्षा कवच कैसे दिया जा सकता है। इसके खिलाफ अभिषेक बनर्जी के एडवोकेट की दलील थी कि अभिषेक बनर्जी के बयान को लेकर एक दूसरे कोर्ट में मामला चल रहा है। कोर्ट की तरफ से उन्हें कंटेंप्ट की नोटिस दी गई है। इस मामले का उसके साथ कोई सरोकार नहीं है। यहां उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के दौरान अभिषेक बनर्जी ने डीजे को लेकर एक बयान दिया था और सत्ता परिवर्तन के बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद कोर्ट में मामला दायर किया गया है।  इनसेट बिलावजह आफत बुला रहे हैं  कोलकाता : जजो और न्यायपालिका के खिलाफ अभिषेक बनर्जी के ट्वीट के बारे में टिप्पणी करते हुए जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने कहा कि वे बिलावजह आफत बुला रहे हैं। उनके यह बयान बेहद दुर्भाग्यजनक हैं। उन्होंने अभिषेक बनर्जी की तरफ से बहस कर रहे एडवोकेट की भी थोड़ी खिचाई की। उनके एडवोकेट ने कहा था कि उन्हें अभिषेक बनर्जी के बयान के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इस पर जस्टिस भट्टाचार्य ने सवाल किया कि आप एक राजनेता का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और आपको यह पता नहीं की ट्वीट्स में उन्होंने क्या लिखा है। कृपया इतना अनजान मत बनिए, जो लोग भी अखबार पढ़ते हैं उन्हें पता है कि अभिषेक बनर्जी ने ट्वीट्स में क्या लिखा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News