

जितेंद्र , सन्मार्ग संवाददाता कोलकाता : ममता तृणमूल कांग्रेस के महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित राय को हाईकोर्ट से नहीं मिल पाया सुरक्षा कवच। उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को खारिज करने के साथ ही कोई कठोर कार्रवाई नहीं की जाने का आदेश देने की अपील की थी। जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने बृहस्पतिवार को मामले की सुनवाई के बाद उनके पिटीशन को खारिज कर दिया। जस्टिस भट्टाचार्य ने कहा कि वे उपयुक्त कोर्ट में पिटीशन दायर करें। सुमित राय के खिलाफ सालबनी सहित पांच मामले दायर किए गए हैं। उनकी तरफ से बहस करते हुए सीनियर एडवोकेट गोपाल शंकर नारायण ने कहा कि पेटीशनर को सालबनी मामले में गिरफ्तार दिखाया गया है। लिहाजा बाकी चार मामलों में उन्हें सुरक्षा कवच प्रदान करने के साथ ही कोई कठोर कार्रवाई नहीं की जाने का आदेश दिया जाए। उन्होंने आशंका जताई कि सालबनी मामले में जमानत मिलने के साथ ही उन्हें अन्य मामलों में गिरफ्तार दिखा दिया जाएगा। जस्टिस भट्टाचार्य ने कहा कि जब अभियुक्त एक मामले में जेल हिरासत में है तो बाकी मामलों में सुरक्षा कवच प्रदान करने या कोई कठोर कार्रवाई नहीं की जाने की अपील अप्रासंगिक है। एडिशनल एडवोकेट जनरल राजदीप मजूमदार ने कहा कि दिलीप मंडल के इसी तरह के एक पिटीशन को इसी कोर्ट ने खारिज कर दिया था। जस्टिस भट्टाचार्य ने कहा कि अगर पेटीशनर को लगता है कि उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है तो उपयुक्त कोर्ट में मामला दायर कर सकता है। एडवोकेट शंकर नारायण ने सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले का हवाला देते हुए कहा कि अगर अभियुक्त एक मामले में जेल हिरासत में है तो अन्य मामलों के लिए कठोर कार्रवाई नहीं की जाने का पिटीशन दायर कर सकता है। उन्होंने कहा कि सारे मामले छह साल से लेकर 10 साल पुरानी घटनाओं का हवाला देते हुए दायर किए गए हैं। जवाब में जस्टिस भट्टाचार्य ने कहा फाइनल हियरिंग के समय इस पर विचार किया जाएग। जस्टिस भट्टाचार्य ने दोनों पक्षों को एफिडेविट दाखिल करने का आदेश दिया है।