

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों इंडियनऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल ने पश्चिम बंगाल के लोगों को आश्वस्त किया है कि राज्यभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और निर्बाध बनी हुई है।
कंपनियों ने कहा कि टर्मिनल, बॉटलिंग प्लांट, डिपो, पेट्रोल पंप और एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर सहित पूरी सप्लाई चेन सुचारु रूप से काम कर रही है। राज्य में ईंधन आपूर्ति की लगातार रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है और किसी भी क्षेत्र में मांग बढ़ने की स्थिति में तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
तेल कंपनियों के अनुसार, अंतिम उपभोक्ताओं तक समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त टैंकरों और बल्क एलपीजी वाहनों की भी व्यवस्था की गई है।
कंपनियों ने वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बीच लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में पेट्रोल, डीज़ल या गैस की अनावश्यक खरीदारी न करें, क्योंकि राज्य में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
साथ ही, उपभोक्ताओं से केवल तेल कंपनियों की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है। यह जानकारी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के ईस्टर्न रीजन के कार्यकारी निदेशक एवं पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख जितेंद्र कुमार की ओर से जारी की गई। प्रेस विज्ञप्ति इंडियन ऑयल के कॉरपोरेट कम्युनिकेशन विभाग के महाप्रबंधक देबब्रत बंद्योपाध्याय द्वारा जारी की गई।