

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : हनुमान जयंती के मद्देनजर डायमंड हार्बर पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आयोजकों से रैलियों के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। डायमंड हार्बर के एसडीपीओ धीमान बनर्जी ने बताया कि पूरे क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस के अनुसार, महेशतला के वार्ड नंबर 7 स्थित रवींद्रनगर में राम-जानकी मंदिर की ओर से श्रीहनुमान जन्म महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर 12 नंबर एडी बस स्टैंड, आकड़ा फाटक से राम-जानकी मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा टीजी रोड स्थित सार्वजनिक हनुमान मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। इस मौके पर हनुमान भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर के प्रमुख सत्येंद्र सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी मटियाब्रुज के मुदियाली क्षेत्र से सार्वजनिक हनुमान मंदिर तक रैली निकाली जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पूजा-अर्चना के बाद भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा। प्रशासन और आयोजकों के समन्वय से पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की गई है।