

कैनिंग : दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग थाना अंतर्गत हाटखोला के बैकुंठपुर इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला का अधजला शव स्थानीय खाल (नाला) से बरामद किया गया। मृतका की पहचान शीतला सरदार (55) के रूप में हुई है, जो इलाके की ही रहने वाली थीं। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शीतला सरदार पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं। बीमारी के कारण ही उनकी मौत हो गई थी। मौत के बाद परिवारवालों ने शव को अंतिम संस्कार के लिए बैकुंठपुर इलाके के एक श्मशान घाट में ले जाया था। लेकिन बताया जा रहा है कि वहां शव को पूरी तरह नहीं जलाया गया, और अधजला छोड़ दिया गया।
इसी दौरान तेज बारिश हुई, जिससे शव बहकर पास की खाल में जा गिरा। गुरुवार सुबह जब कुछ स्थानीय लोगों ने खाल में अधजला शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत कैनिंग थाने की पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को खाल से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है कि आखिर शव को अधजला छोड़ क्यों दिया गया और यह श्मशान से खाल में कैसे पहुंचा। अधजले शव के बरामद होने के बाद इलाके के लोग कई तरह के सवाल उठा रहे है।
इस संदर्भ में कैनिंग के एसडीपीओ राम कुमार मंडल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कोई आपराधिक साजिश सामने नहीं आई है। अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शव का इस तरह अधजला छोड़ा जाना न सिर्फ अमानवीय है बल्कि स्थानीय लोगों की भावना और स्वास्थ्य के लिए भी खतरा हो सकता है।