राज राजेश्वरी श्याम मंदिर में भव्य पाटोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न

बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार, छप्पन भोग और भजन संध्या रहे आकर्षण; जरूरतमंद परिवारों में अनाज एवं वस्त्र वितरित
Kolkata
राज राजेश्वरी श्याम मंदिर
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कार्तिक मास की देवउठनी एकादशी एवं द्वादशी के पावन अवसर पर मंगलम बिल्डिंग, हेमंत बसु सरणी स्थित राज राजेश्वरी श्याम मंदिर में श्री श्याम बाबा का पाटोत्सव धूमधाम और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

पाटोत्सव के दौरान बाबा श्याम का आकर्षक एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। उन्हें छप्पन भोग अर्पित कर भव्य ज्योत प्रज्वलित की गई। इसके साथ ही आयोजित भजन संध्या में भक्तों ने भजनों के माध्यम से बाबा की महिमा का गुणगान किया। पूरा मंदिर परिसर श्याम नाम के जयकारों और भक्ति संगीत से गूंज उठा।

धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सेवा को भी विशेष महत्व दिया गया। मंदिर की ओर से जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों के बीच अनाज और वस्त्रों का वितरण किया गया। इस पहल के जरिए मानव सेवा और परोपकार का संदेश दिया गया।

पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। भक्ति, श्रद्धा और सेवा के समन्वय के साथ संपन्न हुआ यह पाटोत्सव श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News