

कोलकाता : उत्तर बंगाल विकास विभाग के मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने गुरुवार को विधानसभा में विभाग की कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत जानकारी देते हुए पिछली सरकार के कार्यकाल में विभाग में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने के कारण अब तक 122 एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट किया जा चुका है, जबकि कई अन्य एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं होगी और किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल के विकास को किसी एक जिले या विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि सभी जिलों और क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य किए जाएंगे।
पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर
निशीथ प्रमाणिक ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पूरे उत्तर बंगाल में 100 पर्यटन सूचना केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर फूड प्लाजा, होमस्टे और पर्यटकों के लिए अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा भारत-बांग्लादेश सीमा से लगे क्षेत्रों में नए लैंड पोर्ट विकसित किए जाएंगे तथा प्रत्येक जिले में आधुनिक इनडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
पहाड़ी क्षेत्रों में हाइड्रोलिक पार्किंग और सिंगल विंडो व्यवस्था
मंत्री ने कहा कि दार्जिलिंग समेत पहाड़ी इलाकों में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए हाइड्रोलिक कार पार्किंग प्रणाली शुरू की जाएगी। यह व्यवस्था विदेशों के पर्वतीय क्षेत्रों में उपयोग की जाने वाली आधुनिक तकनीक पर आधारित होगी, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर बंगाल में फिल्मों की शूटिंग के लिए कई प्रोडक्शन हाउस रुचि दिखा रहे हैं। शूटिंग से जुड़ी सभी सरकारी मंजूरियों को आसान बनाने के लिए जल्द ही सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा।
मंत्री ने दावा किया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में उत्तर बंगाल के विकास के लिए आवंटित बजट का बड़ा हिस्सा खर्च नहीं किया गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्तमान सरकार इस बार आवंटित बजट का शत-प्रतिशत उपयोग कर क्षेत्र के समग्र विकास को गति देगी।