

दक्षिण 24 परगना : समाज में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गोसाबा थाने की ओर से नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सिविक पुलिस ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से आम लोगों को नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। रैली के दौरान बच्चों ने विभिन्न नारों और संदेशों के जरिए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही लोगों को बताया गया कि नशीले पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इसका बुरा असर पूरे परिवार और समाज पर भी पड़ता है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और खासकर स्कूली बच्चों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और समाज में नशामुक्ति के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना है। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से आम लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट होने की प्रेरणा मिलती है।