

लालबाजार के डीडी को मिली सफलता
दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : गहने बनाने के नाम पर करीब 3.50 करोड़ रुपये मूल्य का सोना लेकर फरार होने वाले एक शातिर कारीगर को कोलकाता पुलिस की स्पेशल टीम ने धर दबोचा है। लालबाजार के खुफिया अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सोने के कारीगर को उत्तर कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान हराधन दे के रूप में हुई है।
गिरीश पार्क थाने में दर्ज कराई गई थी शिकायत
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इसी साल अगस्त महीने में गिरीश पार्क थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गिरीश पार्क इलाके की एक आभूषण दुकान से आरोपी हराधन दे ने गहने बनाने के नाम पर 2 किलोग्राम 281 ग्राम से अधिक सोना लिया था, लेकिन गहने बनाने के बजाय वह सोना लेकर चंपत हो गया। बाजार में इस गायब किए गए सोने की कीमत लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये आंकी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी लालबाजार की गुंडा दमन शाखा को सौंपी गई। खुफिया विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी को उत्तर कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया। अदालत में सरकारी वकील ने गबन किए गए सोने की बरामदगी और मामले की गहन जांच के लिए आरोपी की पुलिस हिरासत की मांग की। अदालत ने पुलिस की दलीलों को स्वीकार करते हुए आरोपी हराधन दे को 21 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने हड़पा हुआ सोना कहां छिपाया या बेचा है।