शिफ्टिंग के दौरान लाखों के गहने और नकदी गायब

पर्णश्री थाना इलाके की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : महानगर में एक घर के सामान की शिफ्टिंग के दौरान गहनों और नकदी की चोरी का मामला सामने आया है। घटना पर्णश्री थानांतर्गत पल्लीश्री इलाके की है। शिकायतकर्ता पार्थ घोष ने इस संबंध में पर्णश्री थाने में शिकायत दर्ज करायी है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, पार्थ घोष कोलकाता के बी.एम. रॉय रोड में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने पर्णश्री पल्ली स्थित बिल्डिंग में किराये पर नया फ्लैट लिया था। गत शनिवार को एक स्थानीय कंपनी ने उनका सामान पुराने घर से नये पता पर शिफ्ट किया। शिकायत के मुताबिक, शिफ्टिंग के दौरान एक अलमारी में रखे गहने और लगभग एक लाख रुपये नकद भी भेजे गए थे। गहनों में सोने का कड़ा, नेकलेस, कान की बालियां और ब्रेसलेट शामिल थे, जिन्हें एक जिप वाले ज्वेलरी बैग में सुरक्षित रखा गया था। अलमारी का लॉक भी बंद था। पीड़ित के अनुसार, शिफ्टिंग के बाद जब अलमारी को खोला गया, तो उस समय परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। अगले दिन 30 मार्च की शाम करीब 8.17 बजे उनकी पत्नी ने अलमारी के लॉकर की जांच की, जिसमें ज्वेलरी बॉक्स खाली पाए गए। इसके बाद परिवार ने तुरंत मूविंग कंपनी से संपर्क किया, लेकिन कंपनी के कर्मचारियों ने किसी भी तरह की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि शिफ्टिंग के दौरान की बातचीत रिकॉर्ड की गई थी। पार्थ घोष को संदेह है कि शिफ्टिंग के दौरान काम करने वाले मजदूरों द्वारा गहनों और नकदी की चोरी की गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in