

कोलकाता : श्यामपुकुर थानांतर्गत श्यामबाजार इलाके में स्थित एक सरकारी बैंक के लॉकर से 20 लाख मूल्य के सोने के गहने चुरा लिये गये। घटना को लेकर डॉ. छवि बसु चौधरी ने श्यामपुकुर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज करायी है। महिला ने गहने की चोरी के पीछे बैंक के किसी कर्मचारी के शामिल होने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार डॉ. छवि बसु चौधरी ने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की श्यामबाजार शाखा में उनका एक सेविंग बैंक अकाउंट है। उस बैंक में उनका एक लॉकर भी है। बैंक के लॉकर में उन्होंने 200 ग्राम सोने के आभूषण एक स्टील बॉक्स के अंदर रखे थे। आरोप है कि उस बॉक्स के बगल में उन्होंने एक डिब्बे में पुराने गहने रखे थे। आरोप है कि गत 5 जून को महिला डॉक्टर बैंक में पहुंची तो अपने लॉकर के अंदर से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने को गायब पाया। महिला ने बताया कि घटना के दिन वह हड़बड़ी में होने के कारण बैंक से निकल कर ड्यूटी पर चली गयी। अगले दिन बैंक पहुंचने पर महिला बैंक मैनेजर से गहने चोरी की शिकायत की लेकिन बैंक ने उनकी शिकायत नहीं ली। इसके बाद महिला ने थाने में जाकर शिकायत दर्ज करायी। महिला का आरोप है कि उनकी मां की उम्र 90 साल है। उनका इलाज चल रहा है। उसकी देखभाल के लिए नर्स की जरूरत है। इसके अलावा बीमार बेटे के इलाज के लिए उन्हें रुपये की सख्त जरूरत है। इस तरह बैंक के लॉकर से गहने चोरी होने के बाद उन्हें काफी नुकसान हुआ है। उनका आरोप है कि इसके पीछे बैंक के किसी कर्मचारी का हाथ हो सकता है। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।