

कोलकाता : महानगर के एक प्रतिष्ठित लाउंज में जन्मदिन पार्टी के दौरान सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित हेमल घेलामी ने इस संबंध में शेक्सपियर सरणी थाने में शिकायत दर्ज करायी है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, 28 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे हेमल घेलामी अपने मित्रों मारुत देसाई और रोहित कोठारी के साथ एक लाउंज में आयोजित एक जन्मदिन पार्टी में शामिल होने पहुंचे थे। लगभग चार घंटे तक लाउंज में समय बिताने के बाद अचानक उन्हें पता चला कि उनकी सोने की चेन गायब हो गई है। उन्होंने अपने दोस्तों के साथ काफी तलाश की, लेकिन चेन का कोई पता नहीं चला। अगले दिन 29 मार्च की सुबह हेमल अपने मित्र सौरभ गुप्ता के साथ दोबारा लाउंज पहुंचे और घटना की जानकारी मैनेजर को दी। लाउंज प्रबंधन ने भी चेन की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पीड़ित के अनुसार, लाउंज के अंदर और बाहर कई सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसके बाद उन्होंने 28 मार्च रात 9 बजे से 29 मार्च सुबह 2 बजे तक की फुटेज मांगी। 29 मार्च की रात करीब 11 बजे मैनेजर ने उन्हें फुटेज उपलब्ध कराई। फुटेज देखने पर कथित तौर पर यह सामने आया कि लाउंज का एक सफाई कर्मचारी, जिसकी पहचान संजय साव के रूप में हुई है, 29 मार्च की रात करीब 12.15 से 12.30 बजे के बीच फर्श से सोने की चेन उठाते हुए दिखाई दे रहा है। इस जानकारी के बाद पीड़ित ने तुरंत लाउंज मैनेजर को सूचित किया। मैनेजर ने आरोपित कर्मचारी को बुलाकर चेन लौटाने को कहा, लेकिन उसने चोरी के आरोप से साफ इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर चोर की तलाश कर रही हैै।