

कोलकाता: श्यामपुकुर थाना अंतर्गत बागबाजार इलाके में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए एक अज्ञात बदमाश उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। घटना को लेकर इलाके के निवासियों में सुरक्षा को लेकर काफी आक्रोश है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात 17 जून (बुधवार) की शाम करीब 7:50 बजे बोस पाड़ा लेन इलाके में हुई। बोस पाड़ा लेन निवासी पीड़िता शम्पा बोस (60) द्वारा की गई शिकायत के मुताबिक, वे शाम को अपना काम निपटाकर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह अपने घर के मुख्य दरवाजे के पास पहुंचीं, अचानक पीछे से एक अज्ञात बदमाश पैदल चलता हुआ आया। वे कुछ समझ पाती, इससे पहले ही बदमाश ने तेजी से उनके गले पर झपट्टा मारा और करीब 7 ग्राम वजन की सोने की चेन छीनकर भाग निकला। अचानक हुए इस हमले से बुजुर्ग महिला सहम गईं। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, लेकिन जब तक आसपास के लोग इकट्ठा होते, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिवार के साथ देर रात स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि बदमाश की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।