

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बांसद्रोणी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक 22 वर्षीय युवती के शारीरिक शोषण और धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले पीड़िता को प्रेम जाल में फंसाया और फिर शादी की बात करने के बहाने एक सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। अब आरोपी युवक शादी करने के बदले मोटी रकम की मांग कर रहा है और पीड़िता व उसके परिवार का नंबर ब्लॉक कर फरार है। पीड़िता की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
बांसद्रोणी थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वर्ष 2024 में वह बिहार के गया जिले में अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गई थी. वहीं पर उसकी मुलाकात सुधीर साव नामक युवक से हुई। दोनों ने एक-दूसरे का फोन नंबर लिया और धीरे-धीरे फोन पर बातचीत के दौरान उनका रिश्ता गहरा होता गया और वे प्रेम संबंधों में बंध गए। सुधीर ने उसे भरोसा दिलाया था कि वह उससे शादी करेगा। पीड़िता का आरोप है कि इसी साल 6 अप्रैल 2026 को सुधीर उसे बहला-फुसलाकर जादवपुर के पास संतोषपुर इलाके में स्थित अपने एक बहनोई के घर ले गया। उसने कहा था कि वहां वह अपनी मां और पिता से उसकी मुलाकात कराकर शादी की बात पक्की करेगा। लेकिन जब पीड़िता वहां पहुँची, तो मकान में कोई नहीं था और सुधीर ने झूठ बोलकर उसे वहां बुलाया था। वहां सुधीर ने शादी का दोबारा झांसा देकर पीड़िता के साथ उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसने पीड़िता को बुरी तरह गालियां दीं और प्रताड़ित किया। यही नहीं अभियुक्त ने युवती से शादी करने के लिए दहेज के तौर पर मोटी रकम मांगी। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले को जांच कर रही है।