टेंगरा के नामी आवासन में 24वें तल्ले से गिरकर युवती की मौत

बीते कुछ दिनों से मानसिक अवसाद से ग्रस्त थी लॉ छात्रा
टेंगरा के नामी आवासन में 24वें तल्ले से गिरकर युवती की मौत
Published on

कोलकाता : टेंगरा थानांतर्गत कैनल वेस्ट रोड पर स्थित एक नामी आवासीय परिसर में सोमवार की सुबह एक दुखद घटना घटी। 26 वर्षीय लॉ छात्रा गरिमा लोढा की 24वें तल्ले से गिरकर मृत्यु हो गई। पुलिस ने प्राथमिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना है, हालांकि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे स्थानीय लोगों ने गरिमा को आवासीय परिसर के दो टावरों के बीच बने पोडियम पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। उसे तत्काल एनआरएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, गरिमा अपने माता-पिता और बहन के साथ उसी आवासीय परिसर के 24वें तल्ले पर रहती थी। रविवार रात 9:30 बजे उसने परिवार के साथ भोजन किया और फिर अपने कमरे में सोने चली गई। इसके बाद सुबह उसे बिल्डिंग के नीचे पड़ा पाया गया। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि गरिमा ने फ्लैट से छलांग लगाकर आत्महत्या की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गरिमा पिछले कुछ महीनों से अपनी शादी के रिश्तों के टूटने के कारण मानसिक तनाव में थी। इस वजह से वह अवसाद से ग्रस्त थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है। स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि मौत आत्महत्या थी या किसी अन्य कारण से हुई। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों का बयान दर्ज किया जा रहा है। इस घटना ने पूरे आवासीय परिसर में शोक की लहर पैदा कर दी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in