

विधाननगर : न्यूटाउन सिटी सेंटर के ठीक सामने मंगलवार को एक भयानक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवती का दाहिना हाथ पूरी तरह कट गया। घायल युवती का नाम प्रतिश्रुति रायचौधुरी है। वह बागुईआटी के कैखाली इलाके की रहनेवाली है। सरकारी बस के पहिए ने उनके हाथ को इस कदर कुचल दिया कि हाथ शरीर से अलग हो गया। गंभीर हालत में उसे पहले वीआईपी रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर उसे बारासत के एक अन्य निजी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। अस्पताल सूत्रों ने उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बताई है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रतिश्रुति अपने मंगेतर की बाइक पर पीछे बैठकर न्यूटाउन की ओर जा रही थी तभी एयरपोर्ट की ओर से न्यूटाउन आ रही एक सरकारी बस के सामने अचानक बाइक आ गई और बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी। प्रतिश्रुति बाइक से छिटककर सड़क पर जा गिरीं। इसी बीच तेज रफ्तार बस का आगे का पहिया सीधे उसके हाथ पर से गुजर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाथ पूरी तरह कुचलकर शरीर से अलग हो गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद न्यूटाउन ट्रैफिक गार्ड के जवान पहुंचे और घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया। कटे हुए हाथ को भी बर्फ में रखकर साथ ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे जोड़ने की संभावना बेहद कम बताई है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ‘बहुत भयानक मंजर था। बाइक अचानक बस के सामने आ गई। लड़की पीछे से छिटककर गिरी और बस का पहिया सीधे हाथ पर चढ़ गया। हाथ पूरी तरह शरीर से अलग हो गया। सरकारी बसें इस रोड पर हमेशा बहुत तेज चलती हैं, ट्रैफिक पुलिस मौजूद रहने के बावजूद कोई रोक-टोक नहीं करता।’ पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों में सरकारी बसों की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है।