नवदुर्गा पूजा समिति के कार्यालय में तोड़फोड़, दो गिरफ्तार

नरेंद्रपुर थाने की तस्वीर
नरेंद्रपुर थाने की तस्वीर
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : जिले के नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गरिया स्थित नवदुर्गा पूजा समिति के कार्यालय में गुरुवार रात भारी तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। आरोप है कि क्लब के ही एक असंतुष्ट सदस्य के नेतृत्व में कुछ बदमाशों ने कार्यालय में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और चढ़ावे की पेटी समेत नकदी लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात कुछ लोग अचानक नवदुर्गा पूजा समिति के कार्यालय में दाखिल हुए और वहां मौजूद एसी, टीवी सहित कई कीमती सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने अलमारी तोड़कर उसमें रखी नकदी भी लूट ली। घटना की सूचना मिलते ही पूजा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और विरोध करने की कोशिश की। इसी दौरान आरोप है कि क्लब का ही एक असंतुष्ट सदस्य अमित गंगोपाध्याय चढ़ावे की पेटी और समिति का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। पूरी घटना को लेकर पूजा समिति की ओर से नरेंद्रपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस तोड़फोड़ और लूटपाट की घटना को अमित गंगोपाध्याय के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कुल कितनी राशि की लूट हुई है और इस घटना के पीछे असंतोष का कारण क्या था। पूजा समिति के एक सदस्य ने कहा, “हमारी पूजा समिति के कार्यालय में बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से तोड़फोड़ की है। एसी, टीवी तोड़ दिए गए हैं, अलमारी खोलकर नकदी ले ली गई है। चढ़ावे की पेटी और समिति का मोबाइल फोन भी गायब है। हम दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं।” इस घटना से आहत पूजा समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से हस्तक्षेप की मांग करने का भी निर्णय लिया है। वहीं नरेंद्रपुर थाना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के बाद अब तक दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in