

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना: नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गरिया स्थित नवदुर्गा पूजा समिति के कार्यालय में गुरुवार देर रात सामूहिक रूप से घुसकर भारी तोड़फोड़ किए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना को लेकर इलाके में काफी तनाव और हंगामा देखा गया। पूजा समिति के सदस्यों ने क्लब के ही एक असंतुष्ट सदस्य पर इस पूरी घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात कुछ बदमाशों ने नवदुर्गा पूजा समिति के कार्यालय पर धावा बोल दिया और वहां जमकर उत्पात मचाया। कार्यालय में रखे एसी, टीवी समेत कई कीमती सामानों को तोड़ दिया गया। आरोप है कि बदमाशों ने अलमारी तोड़कर नकदी भी लूट ली। इसके साथ ही पूजा के दौरान एकत्र किए गए चढ़ावे (प्रणामी) की पेटी और समिति का एक मोबाइल फोन भी गायब है। घटना की सूचना मिलते ही पूजा समिति के कई सदस्य मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। इसी दौरान आरोप लगाया गया कि क्लब का ही एक असंतुष्ट सदस्य अमित गंगोपाध्याय चढ़ावे की पेटी लेकर फरार हो गया। समिति का दावा है कि यह पूरी घटना अमित गंगोपाध्याय के नेतृत्व में की गई है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चढ़ावे की पेटी में कितनी राशि थी और तोड़फोड़ के पीछे वास्तविक कारण क्या था। घटना को लेकर नरेंद्रपुर थाने में उसी रात लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पूजा समिति के पदाधिकारियों ने मामले को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से हस्तक्षेप की मांग करने का भी निर्णय लिया है। इस संबंध में पूजा समिति के एक सदस्य ने कहा, “हमारे कार्यालय में बदमाशों ने घुसकर भारी तोड़फोड़ की है। एसी और टीवी को नुकसान पहुंचाया गया है। अलमारी से नकदी ले जाई गई है। चढ़ावे की पेटी और समिति का मोबाइल फोन भी गायब है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।” नरेंद्रपुर थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के बाद अब तक दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।