

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना: गड़िया स्टेशन के पास स्थित एक आवासीय परिसर में एक गृहवधू की रहस्यमय मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र की है। मृतका का नाम एनाक्षी दास है। मामले में पति पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है । आरोप है कि पति ने अपनी बीमार संतान को पास के कमरे में छोड़कर पत्नी की हत्या की और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को बरामद कर सोनारपुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एनाक्षी को मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह घरेलू सहायिका फ्लैट पर पहुंची, लेकिन कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। उसने कई बार एनाक्षी के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद सहायिका ने पड़ोसी से चाबी लेकर दरवाजा खोलने की कोशिश की, हालांकि दरवाजा धक्का देते ही खुल गया। अंदर जाकर उसने देखा कि एक कमरे में एनाक्षी का बीमार बेटा सो रहा था, जबकि दूसरे कमरे में बिस्तर पर उनका खून से लथपथ शव पड़ा था। उस समय घर में उनके पति सौमिक दास मौजूद नहीं थे। सहायिका के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। नरेंद्रपुर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति सौमिक दास एक नामी निजी कॉलेज में प्रोफेसर हैं और पिछले चार वर्षों से उसी आवास की दूसरी मंजिल पर पत्नी और 8 वर्षीय बेटे के साथ रह रहे थे। पड़ोसियों के साथ परिवार का अधिक मेल-जोल नहीं था। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।