

दक्षिण 24 परगना : आगामी गंगासागर मेले को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मेले के मद्देनजर गंगासागर क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास एवं बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को क्षेत्र का दौरा किया गया। इस दौरान मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान मंत्री दीपांकर जाना, सिंचाई विभाग के मंत्री अरूप दास, सागर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुमंत मंडल, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस अधिकारी, बीडीओ सहित सुंदरवन विकास बोर्ड और सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले के मद्देनजर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से नदी तटबंधों की स्थिति, आवश्यक मरम्मत कार्य, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं को लेकर समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने तथा मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। प्रशासन की ओर से मेले को सुचारू और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है।