फुरफुरा शरीफ में धार्मिक कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : फुरफुरा शरीफ में आयोजित होने वाले इसाले सवाब मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 6-8 मार्च तक होने वाले 3 दिवसीय धार्मिक समागम में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।‘ग्रीन एंड क्लीन फुरफुरा’ अभियान के तहत साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। मेले को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और स्वच्छता से जुड़ी विशेष व्यवस्थाएं की हैं। मेले की तैयारियों को लेकर एक प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधायक तपन दासगुप्त, हुगली ग्रामीण पुलिस के अधीक्षक कामनाशीष सेन, एडीएम जिला परिषद अनुज प्रताप सिंह, एसडीओ श्रीरामपुर शम्भुद्वीप सरकार तथा फुरफुरा शरीफ के पीरजादा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। प्रशासन की ओर से 24 घंटे के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। क्षेत्र में पहले से लगे 125 सीसीटीवी कैमरों के साथ 80 अस्थायी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस वॉच टावर, बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, मोबाइल मेडिकल यूनिट तथा विशेष बस सेवा की व्यवस्था की गई है।

